खतौली। हाईवे पर रविवार की देर रात को ट्रक व कार की जबरदस्त भिड़ंत हो गई, जिससे कार सवार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को मेरठ रेफर किया गया है।
दिल्ली निवासी सुमन पत्नी राकेश कुमार, अनिल कुमार गौतम पुत्र गंगादास, रविंद्र सिंह पुत्र भगवानदास, अमन पुत्र राकेश कुमार, विमला पत्नी राजेंद्र व पंकज पुत्र राजेंद्र रविवार की देर रात को दिल्ली से देहरादून जा रहे थे। हाईवे पर भंगेला पेट्रोल पंप के पास कार और ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार महिलाओं समेत सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकालकर नर्सिंगहोम में भर्ती कराया, जहां पर गंभीर अवस्था में घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। हादसे के दौरान हाईवे पर जाम लग गया था। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार ट्रक को हटवाकर बमुश्किल जाम को खुलवाया। पुलिस को अभी तक हादसे की तहरीर नहीं दी गई है।
हादसे में छात्रा व भाई घायल
खतौली। गांव चलसीना निवासी आकाश पुत्र जयभगवान अपनी बहन अर्चना को इंटरमीडिएट की परीक्षा दिलाने के लिए सोमवार की सुबह बाइक द्वारा जनता इंटर कालेज के परीक्षा केंद्र में लेकर आ रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर की चपेट में आने से भाई व बहन घायल हो गए। हादसे की खबर लगने पर परिवार के लोग घायलों को लेकर जिला अस्पताल में पहुंचे, जहां पर गंभीर अवस्था में घायल आकाश को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। छात्रा अर्चना को हल्की चोटें आई थी। चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी छुट्टी कर दी। परिजन छात्रा को परीक्षा देने को परीक्षा केंद्र में लेकर पहुंचे।