मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर मीरापुर के मेन बस स्टैंड के सामने गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली हाईवे के किनारे खड़ी पुलिस की पीआरवी (100 डायल गाड़ी) पर पलट गई। इस दुर्घटना में एक दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे मीरापुर थाने की ओर से गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्राली टिकौला चीनी मिल की ओर जा रहा था। जब ट्रैक्टर ट्रॉली मीरापुर के मैन बस स्टैंड के सामने पहुंचा तो उसका एक्सल टूट गया। जिससे उसके पिछले दोनों टायर निकल गए और ट्रॉली हाईवे के किनारे खड़ी पुलिस की गाड़ी पीआरवी 2238 पर पलट गया। इस गाड़ी में सवार दरोगा रामी सिंह, कांस्टेबल चरण सिंह, चालक जयवीर सिंह बाल-बाल बचे। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला। हाईवे पर गन्ना फैलने से काफी देर तक जाम लगा रहा। पुलिस ने किसी तरह दूसरे ट्रैक्टर को बुलाकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाकर जाम खुलवाया। पुलिस गाड़ी चालक जयवीर सिंह ने बताया कि हाईवे पर गस्त करने के बाद बस स्टैंड के निकट गाड़ी की लाइट ठीक कराने के लिये एक मिस्त्री की दुकान के सामने खड़े थे। इसी दौरान ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। उधर, मुख्य बस स्टैंड के आसपास हो रहे अतिक्रमण के कारण भी ट्रैफिक के आवागमन में परेशानी हो रही है।