सातवीं की परीक्षा में बांट दिए अधूरे पेपर
मुजफ्फनगर। शहर के एक इंटर कालेज में कक्षा छह से नौवीं तक की वार्षिक परीक्षाएं कराई जा रही हैं। मंगलवार को स्कूल में कक्षा सातवीं की इंग्लिश की परीक्षा होनी थी। छात्र-छात्राएं परीक्षा कक्ष में पहुंच गए। कापियां वितरित होने के बाद प्रश्न-पत्र दिया गया, लेकिन छात्रों ने जैसे ही प्रश्न-पत्र खोला तो वह अधूरा निकला। इस पर कक्ष में हंगामा हो गया। आनन-फानन में शिक्षकों ने हस्तलिखित और बोर्ड पर कुछ प्रश्न लिखकर परीक्षा को संपन्न कराया।
छह फरवरी से यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं प्रारंभ होगी। इससे पहले कुछ इंटर कालेजों ने कक्षा छह से नौवीं तक की परीक्षाएं पहले ही संपन्न करानी शुरू कर दी है। क्योंकि बोर्ड परीक्षाएं मार्च में खत्म होगी। उसके बाद कापियों का मूल्यांकन प्रारंभ हो जाएगा। ऐसे में स्कूलों के शिक्षकों की ड्यूटी रहेगी। निचली कक्षाओं का परीक्षा कार्यक्रम प्रभावित होगा। इसके तहत ही शहर के एक प्रतिष्ठित इंटर कालेज में छह से नौवीं तक की परीक्षाएं कराई जा रही है। मंगलवार को कक्षा सातवीं में अंग्रेजी का पेपर था। इस कक्षा में 46 बच्चों की परीक्षा होनी थी। मंगलवार को कापियों के साथ प्रश्नपत्र का वितरण कर दिया गया, जो प्रिंटेड पेपर था, वह अधूरा निकला। इस पर परीक्षा कक्ष में छात्रों ने हल्ला मचा दिया। बाद में शिक्षकों ने पेपर को पूरा करने के लिए कुछ प्रश्न चॉक से बोर्ड पर लिखे और कुछ हाथों से एक कागज पर लिखकर परीक्षा कराई। परीक्षा में लापरवाही पर कालेज प्रशासन ने चुप्पी साध ली है।
-