देवबंद। ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों के लिए शनिवार को खंड विकास कार्यालय में नौ वार्डों में सदस्यों का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। शाम छह बजे तक मतदान में 61.72 प्रतिशत मतदाताओं में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
देवबंद ब्लॉक में 193 वार्डों में से 184 वार्डों के सदस्य निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि मेघराजपुर, नन्हेड़ा आसा, लखनौती, फतेहपुर, दूधली, रामूपुर निजामपुर, नगलीनूर, गुनारसी, शहजादपुर, सुल्तानपुर, दिवालहेड़ी, साखन खुर्द, बढेड़ी मजबता, कुरड़ी व महतौली ब्लॉक की ऐसी पंचायतें थी जो कि 2/3 सदस्यों का बहुमत पूरा नहीं करने के चलते असंगठित रह गई थी। उक्त पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के लिए चुनाव होना था। शनिवार को सुबह सात बजे आरंभ हुए मतदान में मतदाताओं उत्साह दिखाया। मतदान केंद्रों के बाहर व्यापक पुलिस बल तैनात रहा। सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) शिवनंदन कुमार ने बताया कि शाम छह बजे तक 61.72 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। वहीं, एसडीएम राकेश कुमार सिंह व सीओ रजनीश उपाध्याय ने भ्रमण कर बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उक्त वोटों की मतगणना 14 जून को खंड विकास कार्यालय में होगी।