देवबंद (सहारनपुर)। माल से लदी व्यापारी की गाड़ी नो-एंट्री के समय बाजार में पहुंची तो इसको लेकर खासा हंगामा खड़ा हो गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को रोका तो व्यापारियों की पुलिस के साथ तीखी नोक-झोंक हो गई। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने वाहन चालक के साथ मारपीट की और व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। हालांकि बाद में पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया।
बुधवार को एक व्यापारी की माल से लदी गाड़ी नो-एंट्री के समय में भीड़भाड़ वाले एमबीडी चौक पर पहुंच गई। वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने गाड़ी को भीतर जाने से रोक लिया। आरोप है कि गाड़ी रोकने को लेकर चालक पुलिसकर्मी के साथ बहस करने लगा तो पुलिसकर्मी ने उसके थप्पड मार दिया। जानकारी मिलने पर व्यापारी वहां पहुंचा और चालक के साथ मारपीट का विरोध किया तो आरोप है कि पुलिसकर्मी ने उसके साथ भी अभद्रता की। जिसको लेकर वहां व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान व्यापारी और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और गुस्साए व्यापारियों को समझा कर शांत किया। नगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज सिंघल व किरयाना एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गुप्ता का आरोप था कि पुलिसकर्मियों ने व्यापारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जबकि गाड़ी चालक के साथ मारपीट की गई। कोतवाल का कहना है कि पुलिसकर्मियों द्वारा गाड़ी चालक के साथ मारपीट नहीं की गई। मामूली कहासुनी हुई थी जिसे वहां पहुंचकर निपटा दिया गया।