नगर पंचायत ने अतिक्रमण हटवाया
अमर उजाला ब्यूरो
जानसठ। कस्बे के मुख्य राजमार्ग से अतिक्रमण को नगर पंचायत टीम ने हटवाया। कई व्यापारी दुकानदारों को भी पॉलिथीन की बिक्री करने पर उनके चालान काटे और जुर्माना वसूल किया। शुक्रवार दोपहर नगर पंचायत के ईओ ओम गिरि ने कर्मचारियों को साथ लेकर कस्बे के मुख्यमार्गों पानीपत-खटीमा राजमार्ग से अतिक्रमण हटवाया। ईओ ने दुकानदारों को चेताया कि पॉलिथीन का इस्तेमाल बिल्कुल प्रतिबंध हैं। इस दौरान कई व्यापारियों की नगर पंचायत कर्मचारियों से झड़प भी हुई। व्यापारी संजय शर्मा, समीर, चंदेल आदि दुकानदारों ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के कर्मचारी दुकान में अंदर घुसकर पॉलिथीन के नाम पर कीमती सामान भी साफ कर देते हैं। ईओ ने बताया कि व्यापारी द्वारा लगाए गए कर्मचारियों पर आरोप निराधार हैं।
कालेज में नि:शुल्क ड्रेस वितरित की
जानसठ। गोमती कन्या इंटर कालेज में छात्राओं को नि:शुल्क ड्रेस वितरित की गई। प्रधानाचार्या ज्योति बाला ने बताया कि सर्वशिक्षा अभियान के तहत शुक्रवार को करीब 400 छात्राओं को नि:शुल्क ड्रेस वितरित की गई। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में मौसम ठंडा हो जाएगा, इसलिए शीघ्र ही जर्सी का वितरण भी किया जाएगा। इस दौरान रितु गोयल, धर्मवीर, सैलानी, कविता, भारती, रेखा गर्ग आदि अध्यापिका में मौजूद रहे।
लेखपाल संघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का स्वागत
जानसठ। तहसील सभागार में जानसठ लेखपाल संघ द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में नवनिर्वाचित जिला कार्यकारिणी का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष जयभगवान व जिला मंत्री अनीता वर्मा समेत समस्त कार्यकारिणी का स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष जयभगवान ने लेखपाल संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में किसी लेखपाल का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार, सौरभ, घनश्याम सिंह, राम अवतार, रामपाल सिंह, राकेश गोयल, प्रताप सैनी, श्रवण शर्मा, संजय कुमार आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोतीराम और संचालन विनोद शर्मा ने किया।