कश्यप समाज से एकजुट होने का आह्वान
शाहपुर। भारतीय कश्यप जागृति संगठन के 23 वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने के साथ समाज की एकता पर बल दिया गया।
कस्बे की नवीन गुड़ मंडी स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में बसपा के विधान परिषद सदस्य सुरेश कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज वर्तमान समय में सामाजिक व राजनीतिक रूप से पिछड़ा हुआ है। जब समाज के लोग आगे आकर राजनीति के साथ साथ सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे, तभी समाज तरक्की कर सकेगा। उन्होंने समाज के लोगों से इस पर अंकुश लगाने के साथ इन कार्यक्रमों से बचे धन को बच्चों की शिक्षा में खर्च करने का आह्वान किया। पूर्व मंत्री उदयवीर कश्यप ने कहा कि कश्यप समाज आर्थिक व सामाजिक रूप से पिछड़ा हुआ समाज है। उन्होंने उपस्थित लोगों से बच्चों को अच्छी व उच्च शिक्षा दिलाने पर जोर दिया। संगठन के संस्थापक अध्यक्ष मास्टर कृष्णपाल कश्यप ने कहा कि संगठन पिछले 23 वर्षों से समाज को जागृत करने का कार्य कर रहा है तथा समाज में व्याप्त बुराइयों को दूर करने का प्रयास भी कर रहा है। डॉ बाबूराम कश्यप ने कहा कि समाज में युवा वर्ग आगे आएगा, तभी समाज को उचित सम्मान मिलेगा। सौराज सिंह कश्यप ने भी विचार रखे। इस मौके पर राजेश कश्यप, सुभाष कश्यप, नीटू कश्यप, अनंगपाल कश्यप , प्रमोद कश्यप, सुभाष कश्यप, एडवोकेट चांद सिंह कश्यप,जितेंद्र कश्यप, विजेंद्र कश्यप, प्रमोद कश्यप आदि ने मौजूद रहे। अध्यक्षता राजसिंह कश्यप व संचालन राजवीर कश्यप ने किया।