बुढ़ाना। ग्राम प्रधानों की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने ग्राम प्रधानों को बताया कि जनपद में अगस्त के महीने में ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण कराया जाएगा।
खंड विकास अधिकारी कार्यालय के मीटिंग हाल में बृहस्पतिवार को ब्लाक के सभी ग्राम प्रधानों की बैठक का आयोजन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि देहातों में शौचालय निर्माण की स्थिति, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, धार्मिक स्थलों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की स्वच्छता के बारे में जानकारी ली जाएगी। सर्वेक्षण के लिए सर्वे एजेंसी की ओर से जनपद में करीब 10 गांवों का चयन किया जाएगा। सर्वेक्षण के दौरान आमलोगों की राय भी ली जाएगी। स्वच्छता अभियान की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक सोमवार को निदेशक पंचायतीराज उप्र की वेबसाइट पर अपलोड़ की जाएगी। शासन रिपोर्ट के अनुसार स्वच्छता अभियान में जनपद एवं गांव की रैंकिंग तय करेगा। शीर्ष स्थान पानेवाले जनपदों को दो अक्तूबर को सम्मानित किया जाएगा। संचालन नरेंद्र मलिक ने किया। इस बैठक में खंड विकास अधिकारी सुभाष चंद्र समेत समस्त ग्राम सचिव प्रधान मौजूद रहे।