प्राइवेट बस की चपेट में आकर महिला की मौत
खतौली (मुजफ्फरनगर)।
प्राइवेट बस की चपेट में आकर वृद्धा की मौत हो गई। हादसे के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अमरोहा के गांव भलवापुर उर्फ तारापुर निवासी साधो (65) पत्नी गोपाल बुधवार को क्षेत्र के गांव बाहपुर में अपनी बेटी सरोज देवी पत्नी संतरपाल के यहां जा रही थी। सोधा गांव के बाहर प्राइवेट बस से उतरी। इसी दौरान चालक ने बस चला दी। बस के नीचे कुचले जाने से साधो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में आरोपी चालक के विरुद्ध कार्रवाई करने, मृत महिला के आश्रितों को आर्थिक सहायता देने की मांग की। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर बमुश्किल शांत किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद चालक बस को छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने बस को कब्जे में ले ली है। मृतका के रिश्तेदार की ओर से बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कहा कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।