सड़क सुरक्षा जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कन्या जूनियर हाईस्कूल की बालिकाओं ने वाहन चालकों के लिए जागरूकता रैली निकाली। तहसील मुख्यालय से आरंभ हुई रैली को जिलाधिकारी जीएस प्रियदर्शी और एसएसपी अनंत देव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कन्या जूनियर हाईस्कूल बुढ़ाना की सभी छात्राएं हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर मंगलवार को तहसील मुख्यालय पहुंची। बालिकाओं ने जनपद में 11 जनवरी से 17 जनवरी तक आयोजित सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत रैली का आयोजन किया। इंडियन रेड क्रास सोसाइटी के तत्वावधान में निकाली गई यह रैली तहसील मुख्यालय से आरंभ होकर कस्बे की मुख्य सड़क, बड़ौत रोड, पैठ बाजार, बस अड्डा, महावीर चौक से होती हुई वापस स्कूल पर समाप्त हुई। बालिकाओं ने दुपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया। सभी वाहन चालकों को गलत दिशा में न चलने के लिए भी प्रेरित किया। इस मौके पर रेड क्रास सोसाइटी के डा. राजीव, डा. शिवराज, स्कूल की प्रधानाचार्या संतोष कुमारी आदि मौजूद रहे।