छुट्टी के दिन भी चला बैंकों में फीडिंग कार्य
मुजफ्फरनगर। प्रदेश सरकार की एक लाख तक के फसली ऋण माफ करने की योजना को लेकर बैंकों में फीडिंग का काम छुट्टी के दिन भी चला। डीएम ने बैंक अधिकारियों की बैठक में कहा कि किसी भी बैंक का कार्य अधूरा नहीं रहना चाहिए।
कैंप कार्यालय पर बैंक अधिकारियों की बैठक में डीएम जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि सभी बैंक किसानों के खातों की फीडिंग का कार्य पूरा कर ले। शुक्रवार रात तक फीडिंग का कार्य पूरा होना है। इसके लिए आउटसोर्सिंग पर लड़कों की अलग से व्यवस्था की जाए, लेकिन लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 22 जुलाई को बैंकों की फीडिंग की सूचना शासन को जानी है। फसली ऋण मोचन डाटा फीडिंग को लेकर इंडियन बैंक, सेंट्रल बैंक, ओबीसी बैंक, यूनियन बैंक, यूको बैंक, कोआपरेटिव बैंक के डीसी ने डीएम को आश्वासन दिया कि कंप्यूटर एवं ऑपरेटर की व्यवस्था कर वह फीडिंग का कार्य पूर्ण कर लेंगे। डीएम ने कहा कि जो बैंक उदासीनता बरतेेगा, उनके डीसी के खिलाफ बैंक के चेयरमैन को लिखा जाएगा। डीएम ने एडीएम वित्त को निर्देश दिए कि वह लगातार बैंकों में डाटा फीडिंग की मॉनिटरिंग करें। एसबीआई और पीएनबी के डीसी ने बताया कि उन्होंने फीडिंग का कार्य कर लिया है। जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि वह प्रत्येक घंटे की जानकारी बैंकों से लें। जिले में लघु एवं सीमांत किसानों का एक लाख तक का फसली ऋण माफ होना है।