मुजफ्फरनगर। जनपद में सोलर पावर एनर्जी प्लांट की स्थापना की कवायद शुरू हो गई है। निजी क्षेत्र में स्थापित होने वाले प्लांट पर 50 करोड़ से अधिक रुपये निवेश किया जाएगा, जिसके लिए शासन के साथ मेमोरंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र जनपद में औद्योगिक विकास को गति देने में जुटा है। जनवरी माह में लखनऊ में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके लिए विभिन्न विभागों से निवेश प्रस्ताव लिए जा रहे हैं।
सहायक उपायुक्त उद्योग आशीष कुमार ने बताया कि शासन की ओर से पांच हजार करोड़ रुपये निवेश का लक्ष्य मिला है, जिसके सापेक्ष 1700 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। बताया कि जनपद के मांडला गांव में सोलर पावर एनर्जी प्लांट की स्थापना प्रस्तावित है। इसमें सोलर एनर्जी से चार्ज होने वाले बैटरी-इन्वर्टर का निर्माण किया जाएगा। बताया कि प्लांट स्थापना पर करीब 50 से 60 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
डीएम से मांगी गई भूमि खरीदने की स्वीकृति
सहायक उपायुक्त उद्योग आशीष कुमार ने बताया कि प्लांट स्थापना के लिए उत्तराखंड की एप्रो आवेरसीज कंपनी की ओर से प्रक्रिया शुरू की गई है। बताया कि कंपनी की ओर से डीएम को प्रार्थना पत्र देकर प्लांट स्थापना के लिए 12 एकड़ भूमि खरीदने की स्वीकृति मांगी गई है। बताया कि कंपनी के दस्तावेजों की जांच की जा रही है, उसके उपरांत आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।