मुजफ्फरनगर। बढ़ता वायु प्रदूषण श्वसन तंत्र को प्रभावित कर रहा है। गंभीर स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति सुचारु रखने के लिए व्यवस्थाएं परखी गईं। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने जिला अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया। उन्होंने टीबी अस्पताल जाकर मरीजों का हालचाल भी जाना। बढ़ते वायु प्रदूषण में सावधानी बरतने का सुझाव दिया।
सीएमओ ने सोमवार को जिला क्षय रोग (टीबी) अस्पताल, सखी वन स्टॉप सेंटर और एलएमओ (लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन) टैंक का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक और पैरा मेडिकल स्टाफ को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा मौसम में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण श्वसन तंत्र प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसलिए सांस और अस्थमा रोगियों को विशेष सावधानी की की आवश्यकता है।
हवा की गुणवत्ता का हाल
तिथि एक्यूआई
15 दिसंबर 288
14 दिसंबर 352
13 दिसंबर 302
12 दिसंबर 400
11 दिसंबर 338
-
स्मॉग के कारण बढ़ रही है परेशानी
हवा की गुणवत्ता खराब है। शाम के समय स्मॉग की चादर से हवा की गुणवत्ता खराब हो रही है। लोगों को आंखों में जलन का अहसास हुआ। रविवार रात का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री रहा।
एडी हेल्थ ने किया खतौली और जानसठ का निरीक्षण
मुजफ्फरनगर। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर निदेशक सहारनपुर मंडल डॉ. रामानंद ने सीएचसी जानसठ और सीएचसी खतौली का निरीक्षण किया। उन्होंने खतौली ब्लॉक के बसायच गांव में स्थित एक उपकेंद्र का भी जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन करना रहा।