खतौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 बेड का आधुनिक मदर चाइल्ड हॉस्पिटल बनाया जाएगा। इसके निर्माण हेतु सरकार ने 7.47 करोड़ की धनराशि भी स्वीकृत कर दी है। नोएडा की एचएससीसी (इंडिया) लिमिटेड कंपनी को ठेका दिया गया है। कंपनी के इंजीनियरों की टीम ने सीएचसी में नए अस्पताल निर्माण के लिए जगह का सर्वे करके नक्शा तैयार कर लिया है।
केंद्र और प्रदेश सरकार आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने के लिए ठोस कदम उठा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संचालित जच्चा बच्चा केंद्र में महिलाओं की डिलीवरी के लिए ऑपरेशन की सुविधा नहीं है। प्रसव पीड़ित महिलाओं को गंभीर हालत में जिला अस्पताल के लिए रेफर करना पड़ता है।
प्रसव पीड़ित महिलाओं को जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत होने के कई मामले हो चुके हैं। इसलिए सरकार की अलग से मदर चाइल्ड हॉस्पिटल निर्माण की योजना है। इस योजना के तहत खतौली के सीएचसी में भी आधुनिक 50 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। इस नए अस्पताल में प्रसव पीड़ित महिलाओं का ऑपरेशन करने की बेहतर सुविधा भी दी जाएगी।
बृहस्पतिवार को नोएडा की एसएससीसी (इंडिया) लिमिटेड कंपनी के इंजीनियर रतन सिंह दिनकर ने अपनी टीम के साथ सीएचसी पहुंचकर नए अस्पताल निर्माण के लिए जगह का सर्वे किया। इंजीनियर ने बताया कि केंद्र में जर्जर हो चुकी बिल्डिंग को तुड़वाकर अस्पताल का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यह अस्पताल 7.47 करोड़ की लागत से बनेगा। सरकार ने कंपनी को डेढ़ साल का समय निर्माण करने का दिया है। सरकार ने निर्माण हेतु धनराशि भी स्वीकृत कर दी है।
मदर चाइल्ड हॉस्पिटल निर्माण के लिए इंजीनियरों ने जगह का सर्वे किया है। इंजीनियरों के हिसाब से जर्जर पड़ी बिल्डिंग को तोडक़र अस्पताल बनाया जा सकता है, जिससे अस्पताल का निर्माण शीघ्र प्रारंभ हो सके। डॉ. राजीव निगम, सीएमएस।