42 कोरोना पॉजिटिव मिले, 39 मरीज ठीक हुए
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को 42 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें कोर्ट के दो लिपिक, एक एडीजीसी, जानसठ कोतवाली के दो सिपाही और कवाल की अस्थायी जेल के 16 बंदी भी शामिल हैं। एक साथ 42 लोग संक्रमित मिलने पर प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है। उधर, 39 मरीज ठीक हुए हैं, जिन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार ने बताया कि रविवार को 371 सैंपलों की रिपोर्ट मिली है, इतने 42 लोग पॉजिटिव आए हैं। सबसे अधिक 16 बंदी कवाल की अस्थायी जेल के हैं। न्यायालय के दो लिपिक, एक एडीजीसी तथा जानसठ कोतवाली के दो सिपाही भी पॉजिटिव आए हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा रोडवेज का एक परिचालक, खतौली के चार, मखियाली में तीन, शाहपुर में दो, गांधी कालोनी में तीन, कुटेसरा में एक, शाहपुर में दो, जिला अस्पताल में एक फायर कर्मी, सरकुलर रोड पर एक, महालक्ष्मी एंक्लेव में एक, पुरानी आबकारी में एक, रैदासपुरी में दो लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। उधर, 39 लोग ठीक होकर अस्पताल से घर लौटे है। एडीएम ने बताया कि जनपद में अब टोटल केस 697 हो गए हैं, जिनमें से 518 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब भी 161 एक्टिव केस है।
न्यायालय में दो दिन का अवकाश
मुजफ्फरनगर। दो कोर्ट के दो लिपिक और एक एडीजीसी कोरोना संक्रमित पाए जाने पर न्यायालय दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है। जिला बार संघ सचिव प्रदीप मलिक ने बताया कि जिला जज ने दो दिन 27 और 28 जुलाई को कोर्ट बंद रखने के आदेश दिए हैं। कोर्ट परिसर सील कर दिया गया है। मलिक ने अधिवक्ताओं से भी दो दिन कचहरी नहीं आने की अपील की है।