अक्षय तृतीया पर शहर में शादियों की धूम
मुजफ्फरनगर।
अक्षय तृतीया पर शहर में बुधवार को शादियों की धूम रहीं। बैंक्वेट हाल से लेकर बैंड बाजे वाले तक बुक रहे। शहर की सभी धर्मशालाएं भी शादी को लेकर फुल रही। शादियों की धूम में फूल बेचने वाले से लेकर हलवाइयों तक बिजी मिले।
अक्षया तृतीया पर शादी को शुभ माना जाता है। शादी का बड़ा योग होने के कारण बुधवार को शहर के सभी बैंक्वेट हाल बुक रहे। बैंक्वेट हॉल मालिक राकेश कंसल ने बताया कि अक्षया तृतीया को लेकर पहले से ही बैंक्वेट हॉल बुक करा दिया गया था। बैंक्वेट हॉल मालिक अतुल जैन ने बताया कि अक्षया तृतीया पर अधिक शादियां होती है। इस कारण पहले ही बुकिंग हो जाती है। बैंक्वेट हॉल के साथ ही शहर की धर्मशालाएं और बारात घर भी शादियों को लेकर बुक रहे। सभी स्थानों पर शादियों की धूम देखी गई। शहर में बैंड बाजों की बुकिंग फुल रही। बैंड बाजा संचालक मोहन ने बताया कि अक्षय तृतीया पर अधिकतम बैंड संचालकों की बुकिंग रही। अक्षया तृतीया पर फूलों की दुकानों पर भी दुल्हन के वाहन को सजाने की भीड़ रहीं। हलवाइयों के पास भी शादियों में भरपूर काम रहा। उधर, अक्षया तृतीया पर बाजार में सोने की जमकर खरीदारी हुई। सर्राफा मार्किट में कई दुकानदारों से बात हुई तो उन्होंने बताया कि कुछ लोग इस दिन सोना खरीदने को शुभ मानते हैं।