जिले में बनाए गए 53,028 शौचालय
मुजफ्फरनगर। जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार ने कहा कि जिले में 53028 शौचालय बनाए गए हैं। एक जनवरी को जिला ओडीएफ घोषित हो चुका है। ओडीएफ होने की जांच जिले में 200 अधिकारी कर रहे हैं। इन अधिकारियों की रिपोर्ट में यदि कर्ही किसी गांव में शौचालय नहीं बनने या अधबने बनने की शिकायत आती है तो इसे आगामी 45 दिन में दूर कर दिया जाएगा।
विकास भवन के सभागार में पत्रकारों से वार्ता में डीपीआरओ पवन कुमार ने कहा कि जिले में दो अक्तूबर 2014 से स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत हुई। सबसे पहले जिले में स्वेच्छा से जुड़ने वाले ग्रामीणों, प्रधानों और पंचायत सचिवों को प्रशिक्षण दिया गया। जिले में अभियान को आगे बढ़ाने के लिए 165 व्यक्तियों को चिह्नित किया गया। 33 सीलएलटीएस चैंपियंस टीमें गठित की गई। इन टीमों ने ग्रामों में निगरानी टीमों का गठन किया। जिन घरों में शौचालय नहीं थे, उनकी सूची तैयार की गई। लाभार्थियों को दो किश्तों में छह-छह हजार रुपये शौचालय निर्माण के दिए गए। जिले में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 2480 राजमिस्त्रियों को प्रशिक्षण दिया गया। सबसे पहले गंगा किनारे के 14 ग्रामों को ओडीएफ घोषित किया गया। जिले के सभी 498 गांवों में कुल 53028 शौचालय बनाकर जिले को एक जनवरी 2018 को ओडीएफ घोषित किया गया। डीएम ने ओडीएफ की जांच के लिए 200 अधिकारियों की टीमें जिला स्तर पर लगाई हैं। डीपीआरओ ने बताया कि अधिकारियों की जांच में यदि ऐसे परिवार सामने आते हैं, जिनमें शौचालय नहीं है, तो उनमें 45 दिनों के अंदर शौचालय बना दिए जाएंगे।