देश के विकास में युवाओं की भूमिका अहम
जानसठ। नेहरू युवा केंद्र के कार्यकर्ताओं ने गांव कुतुबपुर में स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया।
बुधवार को गांव कुतुबपुर में नेहरू युवा केंद्र के कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विपिन कुमार शर्मा ने कहा कि युवा ही देश की रीढ़ होते हैं। युवा देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। आज हमारे देश के युवा धर्म व जाति में बंटकर रह गया हैं, जिसका असर देश के विकास व उसकी अखंडता पर भी पड़ रहा है। सभी युवाओं को एक साथ मिलकर देश के बारे में सोचना चाहिए। कार्यक्रम में केंद्र के मंडल अध्यक्ष रवि शर्मा ने कहा कि युवाओं को राजनीति और आतंकवाद से दूर रखना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने विवेकानंद के जन्म दिवस पर गांव में सफाई अभियान भी चलाया। कार्यक्रम के बाद कार्यकर्ताओं ने गांव में रैली निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया। अध्यक्षता अजय कुमार ने की। इस दौरान मीरापुर नगर मंडल अध्यक्ष प्रदुमन शर्मा, अभिषेक शर्मा, बलराज, सुरेंद्र कुमार, अमित, मौसम, तनवीर, विवेक, राजेश, मनोज कुमार, रितु, सुनीता, सरोज, कविता, कमलेश, तबस्सुम आदि मौजूद रहे।