डीएवी इंटर कॉलेज में जिला एवं प्रौद्योगिकी परिषद उत्तर प्रदेश एवं जिला विज्ञान क्लब के तत्वावधान में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने सुंदर मॉडल बनाकर सबको आश्चर्यचकित कर दिया।
विज्ञान प्रदर्शनी का शुभारंभ एसडीएम श्याम अवध चौहान, जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डॉ. विकास कुमार एवं प्रधानाचार्य इंद्रजीत कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित करके किया। एसडीएम ने कहा कि आज का युग विज्ञान का युग है। अंधविश्वास में किसी के बहकावे में कतई न आए। जिला विज्ञान समन्वयक डॉ. विकास कुमार ने कहा कि अज्ञानता, निराशा, भयभीत होना, मानसिक अस्थिरता ही हमें अंधविश्वास की ओर धकेलती है। प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्र और छात्राओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, स्वयं पर विश्वास, विज्ञान जागरूकता, मन की शुद्धता और नि:स्वार्थ भावना से ही हम अंधविश्वास या अन्य किसी भी समस्या पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। डॉ. विकास कुमार ने पाखंडी बाबा द्वारा दिखाए जाने वाले चमत्कार जैसे आग के गोले खाना, तलवार निगलना, हवा में सोने की चेन बनाना, पैसे दुगना करना आदि वैज्ञानिक तरीके से करके दिखाए। कार्यक्रम में बसंत कन्या इंटर कॉलेज, गोमती कन्या इंटर कॉलेज जानसठ, माडर्न इंटर कॉलेज रामराज के छात्र और छात्राओं ने जागरूकता पर मनमोहक नाटिका की प्रस्तुति दी। अभिषेक गर्ग, बुद्ध सिंह, सतेंद्र कुमार, समुद्र सेन, बृजेश कुमार, रविंद्र कुमार, संजय पंत, अजय तोमर, सुनील कुमार, अजय कुमार शाक्य, प्यारे लाल सैनी आदि का विशेष सहयोग रहा।