मुजफ्फरनगर। शहर में लोगों पर हमला बोलकर घायल कर रहे बंदरों को पकड़ने के लिए मथुरा से टीम बुलाई गई है। बृहस्पतिवार को टीम ने केंद्रीय विद्यालय में जाल लगाकर 38 बंदर पकड़े, जिन्हें वन क्षेत्र के सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ा जाएगा।
शहर में बंदरों की समस्या बढ़ती जा रही है। गांधी कॉलोनी, प्रेमपुरी, कृष्णापुरी, रामपुरी और नई मंडी क्षेत्र आदि में बंदर प्रतिदिन उत्पात मचा रहे हैं। कई स्थानों पर हमला कर बड़ों सहित बच्चों को भी गंभीर रूप से घायल कर चुके हैं। 13 अक्तूबर को बोर्ड बैठक में बंदरों को पकड़ने के लिए करीब 10 लाख रुपए का बजट प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। टेंडर छोड़ने के बाद ठेकेदार की ओर से बंदरों को पकड़ने के लिए मथुरा से टीम बुलाई गई। मंगलवार को टीम ने गांधी वाटिका में जाल लगाया लेकिन श्रद्धा भाव के चलते मंगल के दिन बंदर नहीं पकड़े गए।
बुधवार को गांधी कॉलोनी, पचेंडा रोड और केंद्रीय विद्यालय में जाल लगाया गया। दिनभर प्रयास के बावजूद एक भी बंदर नहीं फंसा। बृहस्पतिवार को काफी मशक्कत के बाद केंद्रीय विद्यालय में लगाए गए जाल में 38 बंदर फंस गए। ठेकेदार दीपक कुमार ने बताया कि अब प्रतिदिन अलग-अलग स्थान पर जाल लगाया जाएगा।