खतौली तहसील से अखिलेश सरकार के दौरान के रखे गए 37 लैपटॉप चोरी हो गए हैं। तहसील में हुई इस चोरी की वारदात से अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक में हड़कंप मचा है। तहसील अधिकारियों की ओर से चुपचाप इस संबंध में खतौली कोतवाली में चोरी का मुकदमा दर्ज करा दिया है। घटना के बारे में तहसील कर्मचारी चुप्पी साधे हुए हैं।
वर्ष 2013 में तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार ने अपनी चुनावी घोषणा के अनुसार इंटरमीडिएट पास छात्र-छात्राओं को लैपटॉप बांटे थे। खतौली तहसील में भी लैपटॉप का वितरण किया गया था, जिसमें से 37 लैपटॉप बच गए थे। नियमानुसार शेष बचे लैपटॉप डीआईओएस कार्यालय को हैंडओवर कर देने चाहिए थे, मगर ऐसा नहीं किया गया।
तहसील अधिकारियों और कर्मचारियों ने इन लैपटॉप को तहसील में ही रखे रखा। विगत दिनों तक इन 37 लैपटॉप को किसी ने चोरी कर लिया। हैरत की बात तो यह है कि यह सारे लैपटॉप उस नजारत स्टोर में रखे थे, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच तहसील के समस्त दस्तावेज रखे जाते हैं। गणतंत्र दिवस पर जब तहसील पर ध्वजारोहण के लिए नजारत स्टोर से ध्वज निकालने के लिए नाजिर अनिल कुमार ने ताला खोला तो तब इन लैपटॉप के चोरी होने का पता चला।
करीब आठ लाख रुपये कीमत के 37 लैपटॉप नजारत स्टोर से चोरी होने की जानकारी से तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। नाजिर अनिल कुमार की ओर से चुपचाप खतौली कोतवाली में लैपटॉप चोरी होने का अज्ञात में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इस मुकदमे की भी किसी को भनक नहीं लगने दी गई।
रिपोर्ट मेें नाजिर अनिल कुमार ने बताया कि किसी ने नजारत स्टोर की डुप्लीकेट चॉबी बनाकर लैपटॉप चोरी किए हैं। खतौली इंस्पेक्टर अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने बताया कि नाजिर की ओर से तहसील के नजारत स्टोर से 37 लैपटॉप चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
पहले भी चोरी का प्रयास हुआ था
खतौली। करीब तीन साल पहले भी इन लैपटॉप को चोरी करने का प्रयास किया गया था, तब तहसील नवीन मंडी स्थल में थी। उस दौरान रात को किसी ने नजारत स्टोर में सेंध लगाकर इन लैपटॉप को चोरी करने का प्रयास किया था। चोर इस बार अपने मकसद में सफल हो गए।
तहसील में नहीं रहता चौकीदार
खतौली। तहसील में रात्रि में सुरक्षा व्यवस्था के लिए विभागीय चौकीदार के अलावा होमगार्ड के जवान भी तैनात हैं, मगर रात को कोई भी यहां मौजूद नहीं रहता। जिस कारण तहसील के समस्त दस्तावेजों और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा भगवान भरोसे चल रही है। बताया गया है कि यहां तैनात चौकीदार और होमगार्ड जिला मुख्यालय पर अफसरों के यहां तैनात रहते हैं।
नाजिर के खिलाफ कार्रवाई होगी
मुजफ्फरनगर। एसडीएम खतौली कुमार धर्मेंद्र ने बताया कि तहसील से लैपटॉप चोरी हुए हैं, जिसकी रिपोर्ट खतौली कोतवाली में दर्ज कराई गई है। पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। नाजिर अनिल कुमार के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में डीएम को पत्र भेजकर संस्तुति भेजी गई है।