मुजफ्फरनगर। मॉडिफाई कारों में उड़ीसा से लाया 15 लाख रुपये का 58 किलो गांजा मीरापुर पुलिस ने बरामद किया है। इस गिरोह के दो सदस्यों को पहले भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
एसपी देहात आदित्य बंसल ने पुलिस लाइन में बताया कि मीरापुर थाना प्रभारी ओमप्रकाश सिंह व पुलिस टीम ने संभलहेड़ा नहर पर चेकिंग के दौरान दो कारों को रोक कर तलाशी ली तो पाया कि दोनों कार मॉडिफाई थी। कारों के बोनट, खिड़की, टायर के पास वाले स्थान में गांजे के पैकेट छिपाए थे। कारों से 15 लाख रुपये का 58 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने कार सवार बुढ़ाना के गांव मंदवाड़ा निवासी लोकेंद्र व पानीपत निवासी इनाम और तेजपाल को गिरफ्तार किया। बरामद गांजा उड़ीसा से 1659 किलोमीटर दूर तस्करी कर लाया गया था। लोकेंद्र के भाई योगेंद्र सहित दो आरोपियों को दो बार गांजा बरामद कर मीरापुर पुलिस ने पहले भी पकड़ा था।
गिरोह के सदस्यों को तीसरी बार गांजा बरामद कर पकड़ा गया है। आरोपी तस्कर उड़ीसा से 3500 रुपये में खरीद कर उसे पुड़िया बनाकर बेचते थे।
एसपी देहात ने बताया कि गिरोह के दो सगे भाइयों सहित पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। तीन कार जब्त की गई हैं। आरोपी गांजा मुजफ्फरनगर, शामली, पंजाब, हरियाणा में बेचते थे।