कई खिलाड़ियों ने खोया आपा
मुजफ्फरनगर। क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने की भिड़ंत में कई टेनिस खिलाड़ी गुस्से और भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं। सर्विस क्लब के ग्रास कोर्ट पर खेले गए सिंगल मुकाबलों में किसी ने कोर्ट पर रैकेट फेंका तो कोई अंपायर के फैसले पर पैर पटकती नजर आईं। हार से मायूस स्लोवाकिया की विक्टोरिया मोरवानोवा कोर्ट पर ही रो पड़ी। जील देसाई के विरुद्ध मैच में टेरेजा मिहालिकोवा गर्मी से परेशान रहीं।
आईटीएफ महिला टेनिस टूर्नामेंट में जैसे-जैसे खिताबी मुकाबला नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे खिलाड़ी कोर्ट पर अपना नियंत्रण खो रहे हैं। बुधवार को कई बार ऐसा नजारा दिखाई दिया। कोर्ट दो पर तीन सेट तक चले मैच में भारत की जील देसाई और स्लोवाकिया की टेरेजा मिहालिकोवा ने गुस्से में कई बार रैकेट पटका। गर्मी से बेहद परेशान दिखी टेरेजा ब्रेक के दौरान टावेल से सिर ढककर राहत लेती दिखी। ढाई घंटे से ज्यादा चले मैच में यह दोनों खिलाड़ी पसीना-पसीना हो गई। इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी के विरुद्ध मैच में स्लोवाकिया की विक्टोरिया मोरवानोवा कई बार अंपायर के फैसले पर गुस्से में दिखाई दी। हार के बाद वह रो पड़ी। ऐसा ही नजारा भारत की प्रेरणा भांबरी के खिलाफ मैच में दिखा। स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार के पैर में खिंचाव आ गया। आखिरी सेट में आक्रमक हो गई कोलार ने कई सर्विस और रिटर्न इतने तेज किए कि भांबरी रोक नहीं पाई। कोर्ट लाइन पर गिरी बॉल पर अंपायर के फैसले पर गुस्से का इजहार किया। प्रेरणा भांबरी और जील देसाई ने मैच के दौरान केले खाए। मैच के दौरान स्लोवाकिया की टेरेजा ने एनर्जी आपूर्ति को लिक्विड पेस्ट खाया।
विदेशी खिलाड़ियों के दिखे जुदा रंग
मुजफ्फरनगर। विदेशी खिलाड़ियों के रंग दर्शकों को खूब लुभा रहे हैं। चेक गणराज्य की अन्ना सिस्कोवा सिंगल्स में मैच हार गई, मगर उनके खूबसूरत अंदाज ने सभी का ध्यान केंद्रित किया। आस्ट्रिया की मैलेनी क्लाफनेर की ड्रेस का भी जादू चला। वर्ष 2013 में सिंगल खिताब जीत चुकी क्लाफनेर को दर्शकों ने खूब क्लेपिंग दी। जापान की कोयका ओकामोरा, हिरोका क्वाटा और इंडोनेशिया की अल्दिला सुतजियादी के गले में आकर्षक लॉकेट नजर आए। स्लोवीनिया की नस्तजा कोलार के हाथ पर बने टैटू लुभा रहे थे।
डबल्स मुकाबले में मच्छरों का अटैक
मुजफ्फरनगर। आईटीएफ टेनिस टूर्नामेंट में बुधवार को मच्छरों का अटैक दिखाई दिया। डबल्स मुकाबले के दौरान फॉगिंग करानी पड़ी। कोर्ट संख्या एक पर कोहरे के कारण रोशनी कम हो गई, जिसकी वजह से लाइट जलानी पड़ी। भारत की श्रव्या शिवानी और स्नेहल मैने ने अंपायर के समक्ष खेलने में आई बाधा की आपत्ति जताई, जिसके बाद लाइट को बंद करा दिया गया। विदेशी खिलाड़ियों ने सर्विस क्लब क्षेत्र में मच्छरों को खत्म करने के लिए रोज फागिंग कराने की मांग रखी है।