धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस
तितावी/शाहपुर/छपार। जनपद के देहात क्षेत्र में भी जवाहर लाल नेहरू के जन्मदिन बाल दिवस को धूमधाम से मनाया गया। ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
तितावी के पीटी उषा कन्या इंटर कॉलेज में बाल दिवस छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। साक्षी, छवि, मुस्कान, वर्णिका, सबिया, निकिता व हर्षिता ने पूर्व प्रधानमंत्री के जीवन परिचय से अवगत कराया। प्रधानाचार्या उषा सिंह व प्रबंधक डॉ विपिन कुमार ने पूर्व प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
शाहपुर के आर्य एकेडमी इंटर कॉलेज में बाल दिवस पर आयोजित वॉलीबाल मैच में पटेल हाउस ने भाभा हाउस को हराया। प्रबंध निदेशक डॉ सत्यवीर आर्य ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्या उर्मिला सिंह ने विजयी टीम को सम्मानित किया। दी स्काईलैंड ग्लोबल स्कूल, शांति इंटरनेशनल स्कूल, डीएवी इंटर कॉलेज, कल्पना चावला इंटर कॉलेज, ईरा रेडियंट पब्लिक स्कूल और ग्रोविल पब्लिक स्कूल में भी बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
छपार के गांव बसेड़ा स्थित हेरिटेज पब्लिक स्कूल में पंडित नेहरू की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। स्कूल प्रबंधक नीरज बालियान, प्रधानाचार्य राहुल शर्मा व विकास कुमार ने बच्चों से पंडित नेहरू के आधुनिक भारत के स्वप्न को साकार करने का आह्वान किया। नर्सरी से कक्षा-पांच तक के बच्चों ने मेंढ़क दौड़, गुब्बारा दौड़ व तीन टांग दौड़ में प्रतिभाग किया, जिसमें हिमांशु, मारुफ व नितिन प्रथम रहे। उधर, बरला इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य सुधीर त्यागी ने अध्यापकों को मिजल्स व रूबैला जैसी गंभीर बीमारियों की जानकारी देते हुए समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। बरला स्थित ब्राईटलैंड एकेडमी में बाल दिवस पर स्कूल प्रबंध समिति की अध्यक्षा अनुराधा व प्रधानाचार्य रामकुमार ने पंडित नेहरु की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए।