नहर के पानी को लेकर हमला
शाहपुर। गांव कुटबा में नहर का पानी चलाने को लेकर हुए विवाद में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोलकर एक महिला सहित दो युवकों को घायल कर दिया। पीड़ितों ने स्थानीय पुलिस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजा है।
शाहपुर के गांव कुटबा निवासी देवव्रत पुत्र श्यामपाल ने तहरीर दी। बताया कि विगत दिनों नहर का पानी चलाने को लेकर गांव के ही जोगिंदर पक्ष के लोगों ने उसके परिवार के लोगों के साथ कहासुनी हुई थी। मामला जब गांव में पहुंचा तो गांव के जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच फैसला करा दिया था। आरोप लगाया कि बुधवार को वह गांव में बच्चों का खेल देख रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों में आकर उस पर हमला कर दिया, किंतु वह किसी तरह बच कर अपने घर पहुंच गया। दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके घर आकर उसकी मां बिरसला, भाई नीटू के साथ मारपीट की । युवक ने आरोप लगाया कि मारपीट करने वाले लोगों ने उसकी मां के साथ अभद्र व्यवहार करने के साथ उसके घर पर फायरिंग भी की । पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की सूचना पुलिस को दी तो पुलिस गांव में पहुंची और उन्हें लेकर थाने आ गयी जिसके बाद उनका उपचार कराया । बाद में पीड़ित ने थाने पर तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की । इस संबंध में एसएसपी को शिकायत भेजी है।
बैंक मैनेेजर से मारपीट
छपार। पीएनबी के शाखा प्रबंधक से एक युवक ने अभद्रता की। आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। खुड्डा शाखा प्रबंधक विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि खुड्डा निवासी मुजीम बैँक आया और अशोक कुमार पर किसान क्रेडिट कार्ड बनाने का दबाव बनाने लगा। शाखा प्रबंधक ने कहा कि उन्हें पद ग्रहण किए अभी पांच-छ दिन ही हुए है। अभी उनके मामले की कोई जानकारी नहीं है। इस पर मुजीम उनके साथ गाली-गलोच करते हुए मारपीट की। पुलिस जांच कर रही है।
43 के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट
चरथावल। विद्युत विभाग की टीम ने क्षेत्र के गांव में बिजली चोरी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। कुटेसरा गांव में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान से हड़कंप मच गया। यहां जेई नरेंद्र कुमार, श्रीराम और ओपी कुशवाह ने 34 लोगों के यहां बिजली चोरी पकड़ी। वहीं, जेई आलोंक कुमार ने गांव बलवाखेड़ी, बाढ और टांडा गांव में अभियान चलाकर अवैध रूप से नलकूप चलाने वाले नौ लोगों को पकड़ा। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।