पेट्रोल पंपों पर छापा, मशीनों पर सील लगाई
रतनपुरी/खतौली। रतनपुरी क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों पर जिला पूर्ति अधिकारी मदन यादव के नेतृत्व में जांच टीम छापामारी की। टीम ने छापेमारी के दौरान दोनों पेट्रोल पंपों पर पल्सर कार्ड और घटतौली की जांच की गई। जांच के दौरान इंडियन ऑयल के ममता फिलिंग सेंटर रतनपुरी पर पेट्रोल की मशीन में मदर बोर्ड में अलग से सोल्डरिंग मिली। टीम ने इस मशीन को सील कर दिया गया। इसी पेट्रोल पंप की डीजल की मशीन में पल्सर कार्ड के केबिल में कट लगाकर एक्स्ट्रा तार जुड़ा हुआ पाया गया। इस मशीन को भी सील कर दिया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी मदन यादव ने बताया कि शेष दो मशीनें ठीक पाई गई है। तेल के सैंपल और मशीनों के पल्सर कार्ड भी सील करके जांच के लिए भेजे जाएंगे। इस पेट्रोल पंप से मिलावट की जांच हेतु पेट्रोल और डीजल के तीन-तीन सैंपल भी जांच के लिए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र के दूसरे पेट्रोल पंप बाबा वरदान फिलिंग स्टेशन की भी जांच की गई। इस पर जांच में पल्सर कार्ड में कोई कमियां नहीं मिली। माप तौल निरीक्षक पवन यादव व निरीक्षक राजेश कुमार ने पंप की एक मशीन पर 40 एमएल और दूसरी मशीन पर 70 एमएल की घटतौली पकड़ी। घटतौली पकड़ी जाने पर मशीन के नॉजिल को सील कर दिया गया। जांच टीम में जिला पूर्ति अधिकारी मदन यादव के अलावा एचपीसीएल कंपनी के जिला कोआर्डिनेटर सेल्स पारितोष डालाकोटी, एस्सार कंपनी के सेल्स ऑफिसर गौरव गुप्ता, मशीन बनानी वाली कंपनी ओईएम के इंजीनियर्स दीपक सैनी, राहुल सिंह, महेन्द्र सिंह, बाट माप तौल निरीक्षक खतौली पवन यादव, और मुजफ्फरनगर निरीक्षक राजेश कुमार शामिल रहे।