कलेक्ट्रेट लोकवाणी सभागार में जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक लेते डीएम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। जिला गंगा एवं पर्यावरण समिति की बैठक में 30.30 लाख पौधे लगाने का निर्णय लिया गया। डीएम चंद्रभूषण सिंह ने जिले में पॉलिथीन का प्रयोग रोकने को अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट के लोकवाणी सभागार में जिला गंगा समिति एवं पर्यावरण समिति की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने बिंदुवार विभिन्न विषयों पर समीक्षा करते हुए प्रत्येक अधिकारी से विस्तृत रूप से जानकारी प्राप्त की। बायो-मेडिकल वेस्ट की समीक्षा किए जाने के लिए एसीएमओ को निर्देशित किया कि प्रत्येक दशा में बायो मेडिकल वेस्ट को मानक के अनुसार कलक्ट्रेट कर उनका निस्तारण कराया जाए।
जनपद में पॉलिथीन के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने को नगर मजिस्ट्रेट एवं समस्त अधिशासी अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में टीम गठित कर वृहद स्तर पर चेकिंग अभियान चलाया जाए। डीएम ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के संबंध में अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर को निर्देशित किया की जनपद में इकट्ठे होने वाले सॉलिड वेस्ट का प्रबंधन कर समय से निस्तारण कराया जाए।
डीएम ने जिला कृषि अधिकारी जसवीर सिंह तेवतिया से कहा कि पराली जलाने से कृषकों को रोके जाने को प्रशिक्षण एवं किसान गोष्ठी के माध्यम से जागरूकता अभियान चला जाए। परिवहन विभाग की समीक्षा करते हुए एआरटीओ ने बताया कि गत माह 298 वाहन का चालान किया। दस साल से पुराने 86 वाहनों को जांच कर एनओसी जारी की गई।
समीक्षा बैठक में वन विभाग से जिला वन अधिकारी कन्हैया पटेल ने बताया कि जून-जुलाई माह में शासन द्वारा 30.30 लाख पौधरोपण का लक्ष्य जनपद को प्रदान किया गया है। पौधरोपण कार्यक्रम के साथ ही शासन के निर्देशों अनुसार अमृत महोत्सव उद्यान कार्यक्रम चलाए जाने की भी योजना है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं नगर पंचायत में 75 पौधों के माध्यम से कोई चित्र जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम, तिरंगा ध्वज इत्यादि बनाए जाएं तथा नगर पालिका परिषद क्षेत्रों में 750 पौधों का लक्ष्य अमृत महोत्सव उद्यान के लिए निर्धारित किया गया है। एडीएम वित्त अजय कुमार तिवारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।