केबीसी में 25 लाख जिताने का झांसा, मोबाइल हैक
मुजफ्फरनगर। केबीसी में 25 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर शातिर ने मोहल्ला अग्रसेन विहार निवासी महिला का व्हाट्सएप हैक कर लिया। पिछले तीन दिन से व्हाट्सएप के जरिये लगातार अभद्र मेसेज वायरल किए जा रहे हैं, जिससे महिला को लगातार फोन कॉल्स आ रहे हैं। पीड़िता ने तहरीर देकर कार्रवाई की गुुहार लगाई है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला अग्रसेन विहार निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि उसके मोबाइल पर 14 अक्तूबर को केबीसी की ओर से मेसेज आया, जिसमें महिला को 25 लाख रुपये जीतने की बधाई दी गई। इसके साथ ही 25 लाख रुपये पाने के लिए उसे नौ हजार रुपये टैक्स जमा कराने की बात कही गई। महिला द्वारा इससे इंकार किए जाने पर शातिर ने उसे टैक्स माफ कराने के एवज में मोबाइल पर आए कोड को बताने के लिए कहा, जिसे महिला ने उसके झांसे में आकर बता दिया। पीड़िता का कहना है कि अगले ही दिन उसका मोबाइल हैक हो गया और मुंबई निवासी राजीव राणा उसे संचालित करने लगा। आरोप है कि तभी से उसके व्हाट्सएप अकाउंट को शातिर द्वारा संचालित कर अभद्र मेसेज वायरल किए जा रहे हैं। इसके चलते महिला के मोबाइल पर लगातार अभद्र फोन कॉल्स भी आ रहे हैँ। पीड़िता ने तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।