-ठगी का पता चलने पर कारोबारी ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। स्टाॅक मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने नगर के एक कारोबारी से 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का पता चलने पर कारोबारी ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
नई मंडी के मोहल्ला संगम विहार निवासी आशीष ने साइबर थाना पुलिस को बताया कि कई दिन पहले उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति के साथ उसकी चेट का सिलसिला शुरू हुआ। उसने उसे स्टाॅक मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा होना बताया। उस व्यक्ति के चक्कर में आकर उन्होंने पहले 50 हजार, फिर 40 हजार और इसके बाद 10 हजार रुपये निवेश किए।
इसके बाद 2 लाख, 5 लाख और 15 लाख की राशि अलग-अलग खातों में जमा की गई। मोटी रकम जमा कराने के बाद भी अपनी रकम के बारे में कोई जानकारी न मिलने पर कारोबारी को ठगी का अहसास हुआ, लेकिन तब ठग उनसे 25 लाख रुपये ठग चुका था। कारोबारी ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराकर रकम बरामदगी की मांग की।
-
अब तक इन तरीकों से की जाती रही ठगी-
- ऑनलाइन जॉब दिलाने के बहाने
- घर बैठे काम कर मोटा मुनाफा कमाने
- टेलीग्राम एप के माध्यम से पोस्ट शेयर करने
- ओटीपी पूछकर खाते से रुपये निकालने
- मोबाइल हैक कर खाते से रुपये निकालने
- शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर
- क्रेडिट कार्ड का पिन कोड बनाने के बहाने
- परिचित बन कर मोबाइल पर बात कर खाते में रुपये जमा कराना
- बीमा पॉलिसी पहले ही पूरी कराने के नाम पर रुपये जमा कराना
-
इन्होंने कहा-
साइबर ठग आए दिन ठगी कर रहे हैं। अधिकांश तौर पर वह लालच देकर ठगी करते हैं। इसलिए किसी भी प्रकार के लालच में न आएं। ठगी होने पर 1930, साइबर थाने या साइबर वेबसाइट https://www.cybercrime.gov.in पर जल्द से जल्द सूचना दें ताकि जल्द कार्रवाई शुरू हो सके। -सत्य नारायण प्रजापत, एसपी सिटी।