- तीन दिन जिले में चली थी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर डिपो की बसाे में 22 हजार 400 परीक्षार्थियों ने यात्रा की थी। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने आने व जाने वाले परीक्षार्थियों से आधा किराया लिया गया था। परिवहन निगम मुख्यालय ने परीक्षार्थियों के यात्रा करने से संबंधित रिकॉर्ड मांगा है।
प्रदेशभर में आठ, नौ व दस जून को सभी जनपदों में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा हुई थी। मुजफ्फरनगर जनपद में सहारनपुर, हापुड़, गाजियाबाद, शामली, मेरठ जनपदों से परीक्षार्थियों ने आकर नगर के 17 केंद्रों पर परीक्षा दी थी। परीक्षा देने के लिए परीक्षार्थी अपने वाहनों के अलावा रोडवेज बस में सवार होकर परीक्षा देने पहुंचे थे। मुजफ्फरनगर से भी युवक गैर जनपदों में परीक्षा देने के लिए गए थे।
परिवहन निगम मुख्यालय ने अब परीक्षार्थियों के यात्रा करने का रिकॉर्ड मांगा है। मुजफ्फरनगर डिपो के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा का कहना है कि 22 हजार 400 परीक्षार्थियों ने रोडवेज बस में यात्रा की थी। रिकॉर्ड व किराया कंप्यूटर में फीड करने के लिए एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है। परीक्षार्थियों को किराए में पचास प्रतिशत छूट देने के लिए बच्चों वाली श्रेणी के टिकट बनाकर दिए गए थे। रिकॉर्ड पूरा करने के लिए अभी लगभग दस दिन लग जाएंगे।