मजलिस के दौरान नहीं होगी घरेलू सामान की बिक्री
तितावी। अंजुमन आरफी की बैठक में बघरा में सालाना मजलिस ए अजा में घरेलू सामान की बिक्री नहीं होने देने का निर्णय लिया गया। साथ ही जायरीनों की सुविधा के लिए ई-रिक्शाएं लगाने की बात कही गई।
रविवार को हुई बैठक में कमेटी के पदाधिकारी एवं सदस्य भी शामिल हुए। दरगाह ए आलिया के मीडिया प्रभारी जीशान अली ने बताया कि इस बार मजलिस के दौरान घरेलू सामान बेचने पर पाबंदी रहेगी। इस तरह का सामान बेचने वालों को रोका जाएगा, जो दुकानदार खाने का सामान बेचते हैं, उनसे सस्ते दाम पर रखने को कहा जाएगा। कम पैसे में अच्छा खाना दें नहीं तो उन पर फ़ाइन लगाया जाएगा। दरगाह के सचिव इमरान अली ने बताया कि आने वाले जायरीनों के लिए बाहर बस स्टैंड से लेकर दरगाह तक ई-रिक्शे लगाए जाएंगे, ताकि आने वालों को कोई दिक्कत का सामना न करना पड़े। पार्किंग की सुविधा भी की गई है। पार्किंग का इंचार्ज नवेद आरफी और अजहर आरफी को बनाया गया है। सफाई का जिम्मा वसी और जहीर को दिया गया है। इस बैठक में मौजूद हाजी जहीर हसन, मुमताज अली, नासिर अली, रियाज हुसैन, किफायत हुसैन, हसन मोहम्मद, जमीन अली मौजूद रहे।