ट्रैफिक विभाग के एचसीपी की हार्टअटैक से मौत
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर में शनिवार शाम अपने आवास के बाहर बैठे ट्रैफिक विभाग के एचसीपी हरेंद्र सिंह तालियान का अचानक हार्टअटैक होने से निधन हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरेंद्र सिंह वर्तमान में शामली जनपद में तैनात थे और शनिवार शाम सहारनपुर में चल रही पुलिस भर्ती की नाप-तौल प्रक्रिया में ड्यूटी कर कमरे पर लौटे थे।
मेरठ जनपद के सरधना कोतवाली क्षेत्र के गांव छुर निवासी हरेंद्र सिंह तालियान (48) पुत्र विक्रम सिंह ट्रैफिक विभाग में हेड कांस्टेबल थे। फिलहाल उनकी ड्यूटी शामली जनपद में लगी हुई थी, लेकिन वे यहां पुलिस लाइन स्थित आवासीय परिसर के आवास संख्या 11/10 में रहते थे। शनिवार को उनकी ड्यूटी पुलिस भर्ती की नाप-तौल प्रक्रिया में सहारनपुर में लगी हुई थी, जहां से वे शनिवार शाम ड्यूटी कर लौटे थे। यहां वे आवास के बाहर कुर्सी डालकर बैठे हुए थे। इसी दौरान उनके सीने में तेज दर्द हुआ और वे कुर्सी पर ही निढाल हो गए। आसपास के साथी पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एचसीपी की लाश को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। मामले में हरेंद्र सिंह की पत्नी रीता देवी ने सिविल लाइंस थाने में पति की मौत संबंधी इत्तलाई तहरीर दी है।