मुजफ्फरनगर। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री सांसद डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि सीएम योगी की बिजली के बिलों पर सरचार्ज माफ करने की घोषणा से जिले की जनता को दस करोड़ का लाभ होगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा शहर में अतिक्रमण हटवाने के पक्ष में है। मुजफ्फरनगर से बड़ौत तक का मार्ग दस मीटर चौड़ा होगा और निर्माण शीघ्र शुरू हो जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में पत्रकारों से वार्ता में सांसद ने कहा कि सीएम ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के किसानों की समस्या सुन ली है। जिले के किसानों को बिजली बिल का सरचार्ज माफ करने से दस करोड़ का लाभ होगा। जनपद में ट्यूबवेल के 50 हजार कनेक्शन हैं। केवल दस हजार लोगों ने ही बिल जमा किया है। 40 हजार लोग सरचार्ज माफी का इंतजार कर रहे थे, अब इन लोगों लाभ हो जाएगा। इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्र के सवा लाख से अधिक बिजली कनेक्शन धारकों को सरचार्ज माफ करने की योजना का लाभ होगा। इस संबंध में वह कई बार मुख्यमंत्री से मिले भी थे। सांसद ने कहा कि मुजफ्फरनगर-बड़ौत मार्ग का शीघ्र निर्माण होगा। यह रोड दस मीटर चौड़ा किया जा रहा है। एशियन डेवलेपमेंट बैंक इसका निर्माण कर रहा है। प्रदेश में बैंक सात सड़कें बना रहा है, जिनमें एक यह भी है। शहर के हृदय स्थल शिवचौक के लिए अलग से कार्य योजना बनाई जायेगी। आसपास का क्षेत्र पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। मौके पर विधायक उमेश मलिक, विक्रम सैनी, प्रमोद ऊंटवाल, जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी, अरविंदराज शर्मा, शरद शर्मा, सुधीर सैनी, संजय गर्ग, प्रवीण शर्मा, कमलकांत कश्यप आदि रहे।
माफ करें व्यापारी
अतिक्रमण हटाओ अभियान पर सांसद ने कहा कि बीजेपी अतिक्रमण हटवाने के पक्ष में है। कुछ स्थानों पर प्रशासन ने व्यापारियों के साथ ज्यादती की, इस कारण विधायक को मौके पर जाना पड़ा। जिन व्यापारियों के साथ गलत हुआ उनसे हम माफी चाहते हैं।