ट्रैक्टर-ट्राली से गिरकर श्रमिक की मौत
चरथावल। ट्रैक्टर ट्राली से गिरकर श्रमिक की मौत हो गई।
मंगलवार देर रात कस्बे के कानूनगोयान बस स्टैंड निवासी सुदेश (35) पुत्र बिशना वाल्मीकि ट्रैक्टर ट्राली से रोहाना क्षेत्र में अनाज छोड़कर आ रहा था। कुछ अनाज की बोरी ट्रैक्टर पर लदी थी। सुदेश उन बोरियों के ऊपर लेटा हुआ था। रोहाना मार्ग स्थित बहेडी से निकलकर स्पीड ब्रेकर पर ट्रैक्टर के उछलने से वह ट्राली से सिर के बल जमीन पर गिरने से घायल हो गया। आनन फानन में उसके साथी उसे चरथावल लेकर आए। खबर लगने पर परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया था। परिजनों ने मामले में बिना कोई पुलिस कार्रवाई किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
परचियां नहीं मिलने से नाराजगी जताई
चरथावल। किसानों को समय से गन्ना आपूर्ति करने के लिए परचियां नहीं मिलने से खफा किसानों ने कस्बे में तितावी मिल के जोनल ऑॅफिस पर पहुंचकर प्रबंधक का घिराव किया। आरोप लगाया कि नगलां राई केंद्र पर समय से परचियां नहीं मिलने से गन्ना आपूर्ति करने में दिक्कत आ रही है। भाकियू नेताओं का आरोप था कि अन्य केंद्रों पर परचियां समय से नहीं मिल पाने से किसान के खेत खाली नहीं हो पा रहे है। उधर, जोनल इंचार्ज प्रभात सिंह ने बताया कि जब तक खेतों में गन्ना खड़ा है, मिल तब तक गन्ना खरीदेगी। उन्होंने क्रय केंद्रों पर नियमित तौल कराने का भरोसा देकर गुस्साए किसानों को शांत किया। भाकियू नगर अध्यक्ष अभिषेक बंसल, हारूण, गफ्फार, शौकत, जरजीश, जाहिद मौजूद थे।