मुजफ्फरनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मधु गुप्ता ने कहा कि आपसी सौहार्द से ही राष्ट्र की उन्नति होगी। सांप्रदायिक सौहार्द में हम सभी को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
तहसील सदर के परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साक्षरता शिविर में सिविल जज सीनियर डिवीजन मधु गुप्ता ने कहा कि हमारे संविधान में सभी को बराबर का हक दिया गया है। आपस में मिलजुल रहकर ही अच्छे समाज का निर्माण होगा। प्रत्येक व्यक्ति को दूसरे धर्मों का सम्मान करना चाहिए। हमारी ऐसी सोच होगी तो सभी विवाद समाप्त हो जाएंगे। सचिव ने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के बारे में भी बताया। नायब तहसीलदार शिवोत्तर सिंह, विनोद शर्मा एडवोकेट आदि ने विचार रखे। मधु गुप्ता ने इस अवसर पर 14 अप्रैल को लगने वाली लोक अदालत के बारे में भी जानकारी दी।