रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित हुईं 21 महिलाएं
मुजफ्फरनगर। साक्षी वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से मंगलवार को रामलीला टिल्ला पर हिंदू नववर्ष मनाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में काम कर सफलता के आयाम छू रहीं 21 महिलाओं को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
शहर के रामलीला टिल्ला पर मंगलवार को आयोजित हिंदू नववर्ष कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक विक्रम सैनी, सरदार बलजीत सिंह व माता चेतनानंद सरस्वती ने दीप प्रज्वलित कर किया। इससे पहले यज्ञ किया गया। मुख्य अतिथियों ने कहा कि भारतीय संस्कृति के परिचायक हिंदू नववर्ष को भी एक जनवरी के नववर्ष की ही तरह हर्षोल्लास से मनाए जाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने की जरूरत है। इस दौरान सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसके बाद अतिथियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सफलता के आयाम छू रहीं 21 महिलाओं को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित महिलाओं को प्रशस्ति पत्र के साथ ही शील्ड भी प्रदान की गई। सम्मानित होने वाली महिलाओं में रीटा, सीमा कुशवाहा, अनु शर्मा, अन्नू सैनी, राना परवीन आदि शामिल रहीं। आयोजन में ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष शालू सैनी, राष्ट्रीय महासचिव राजू सैनी, डॉ. योगेंद्र शर्मा, योगेंद्र वर्मा, सतेंद्र सैनी, डॉ. शीशपाल सैनी, बिट्टू सिखेड़ा, मनोचा खंडेलवाल, निक्की त्यागी, रीना कश्यप, स्वीटी गुप्ता, पूनम सैनी, कमल सैनी, सुभाष आढ़ती व प्रवीण गोयल आदि का सहयोग रहा।