बसपा सुप्रीमो ने केवल वोटों का सौदा किया : गुलाबो
मुजफ्फरनगर। भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के सम्मेलन में प्रदेश की समाज कल्याण राज्यमंत्री गुलाबो देवी ने कहा कि पीएम मोदी आंबेडकर के बताए मार्ग पर चल रहे हैं। उन्हें सबसे अधिक गरीबों के उत्थान की चिंता है। मोदी पीएम पद से हटे तो देश के अनुसूचित जाति के लोगों को बहुत बड़ा नुकसान होगा।
जानसठ रोड के एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित सम्मेलन में गुलाबो देवी ने कहा कि मायावती ने केवल अनुसूचित जाति के वोटों का हमेशा सौदा करने का काम किया है और मोदी ने गरीबों के उत्थान का काम किया है। पीएम मोदी ने एससी के आरक्षण से लेकर मान, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए काम किया है। केंद्र सरकार की जितनी भी योजनाएं चली हैं, उन सभी में दलित को ही केंद्र में रखा गया है। एक करोड़ नौ लाख महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया गया, बिजली के कनेक्शन गांवों में कैंप लगाकर दिए गए। पीएम आवास में किसी जाति-धर्म का भेदभाव नहीं हुआ। हमारी बेटियों को आगे बढ़ाने का काम किया गया। अनुसूचित जाति के लोग ठंडे दिमाग से सोचे कि डॉ भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न किसने दिया, उनके मार्ग पर कौन चल रहा है। लोकसभा चुनाव आप लोगों की परीक्षा की घड़ी है। मोदी पीएम हटे तो इस देश के गरीबों का विकास रुक जाएगा। सम्मेलन को अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष हरेंद्र जाटव, जिले के प्रभारी धर्म सिंह जाटव ने कहा कि यहां बसपा का कोई प्रत्याशी नहीं है, लड़ाई रालोद और भाजपा की ही है। विधायक कपिलदेव अग्रवाल, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन सतपाल, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, सुनीता बालियान, अंजलि चौधरी, हरीश अहलावत, श्रवण मोघा, भरत सिंह जाटव, प्रमोद वाल्मीकि, रामपाल, सुनील शर्मा ने विचार रखे। संचालन मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिद्धार्थ ने किया।