बैंक स्टाफ ने खाते से निकाले 1.46 लाख
मुजफ्फरनगर। शहर के एक निजी बैंक के स्टाफ ने युवक के क्रेडिट कार्ड के जरिये उसके बैंक खाते से 1.46 लाख रुपये साफ कर दिए। मामले का खुलासा होने पर पीड़ित ने बैंक मैनेजर व दो कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अवध विहार निवासी अमित कुमार ने तहरीर देकर बताया कि उसका बैंक खाता जानसठ रोड स्थित एचडीएफसी में है। इसी खाते पर उसका क्रेडिट कार्ड भी जारी किया गया है। पीड़ित के अनुसार कुछ समय पूर्व उसके बैंक खाते से क्रेडिट कार्ड के जरिये 1.46 लाख 943 रुपये साफ कर दिए। इसकी जानकारी मिलने पर जब युवक ने बैंक मैनेजर सौरभ सैनी से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित ने मामले में शाखा प्रबंधक सौरभ सैनी के साथ ही कर्मचारियों वेदपाल व अजय पर रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई, जिस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ट्यूशन फीस के नाम पर 17.39 लाख की ठगी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांधी कॉलोनी निवासी धर्मपाल ने तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा दीपक अमेरिका के केलीफोर्निया में रहकर पढ़ रहा है। आरोप है कि शहर निवासी परविंदर व उसके बेटे अमित ने दीपक को ट्यूशन फीस के नाम पर झांसा देकर उससे 24 हजार डॉलर (17.39 लाख) रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। रुपये ट्रांसफर के बावजूद काम नहीं होने पर जब दीपक ने आरोपियों से तकादा किया तो वे धमकियां देने लगे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी बाप-बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।