शाहपुर। गांव उमरपुर के ग्रामीणों ने ब्रह्मचारिणी शिवानी दीदी व अन्य ब्रह्मचारिणी बहनों का कस्बे में आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्मचारिणी शिवानी दीदी ने कहा कि मानव अध्यात्म से विमुख होकर संयम विहीन हो रहा है, जिसके चलते उसे जीवन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उमरपुर की मूल निवासी ब्रह्मचारिणी शिवानी दीदी दीक्षा लेने के करीब दस साल मंगलवार को यहां प्रवचन के लिए लौटी हैं। सकल जैन समाज ने उनके साथ ही ब्रह्मचारिणी सविता दीदी, रेखा दीदी व हीरा दीदी का स्वागत किया गया। उनकी बिनोली यात्रा निकाली गई, जो गांव उमरपुर के बस स्टैंड से शुरू होकर विभिन मार्गों से होते हुए जैन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जैन मंदिर में हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी व सभासद उमेश गोयल ने किया। पुनीत जैन ने मंगलाचरण किया। ब्रह्मचारिणी सरिता देवी ने कहा कि जैन धर्म अहिंसामय होने के साथ ही त्याग व तपस्या का धर्म है, जो जीवन जीने की कला सिखाता है। बालिकाओं ने भजनों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। सकल जैन समाज के अध्यक्ष बालेश जैन, डॉ गजेंद्र जैन, दीपक जैन, अनिल जैन, प्रियंका जैन, गीता जैन, उषा जैन व रेखा जैन आदि का सहयोग रहा। संचालन नरेंद्र जैन व दीपक जैन ने किया।