बुढ़ाना। बाइक पर सवार होकर पत्नी के साथ मेरठ जा रहे युवक की बाइक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई। गंभीर अवस्था में महिला के पति को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
शामली जनपद के कुड़ाना गांव का रहने वाला मोनू (25) अपनी पत्नी पूनम (21) के साथ बाइक द्वारा बुधवार को रिश्तेदारी में मेरठ जा रहा था। अपराह्न करीब चार बजे मेरठ-करनाल हाइवे पर फुगाना थाना के गांव सराय के पास बाइक ट्रक से टकरा गई। जिससे बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची। अचेत अवस्था में महिला पूनम व गंभीर अवस्था में उसके पति मोनू को कस्बे की सीएचसी पर भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर अवस्था में मोनू को जिला चिकित्सालय में रेफर किया गया। घटना की सूचना पुलिस ने उनके परिजनों को दी। घटना के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।