खोया और बूंदी के लड्डू में मिली मिलावट
मुजफ्फरनगर। अभिहित अधिकारी विनीत कुमार और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव कुमार ने टीम के साथ मीनाक्षी चौक के समीप मछली बाजार का निरीक्षण किया। तीन मछली कारोबारियों का कार्रवाई करते हुए चालान किया, वहीं उनके खिलाफ एफएसएसए एक्ट के तहत न्यायालय में मुकदमा पंजीकृत कराया। टीम ने बुढ़ाना और रूडकली में छापामारी करते हुए बूंदी के लड्डू और खोया (मावा) में मिलावट मिली है। खाद्य सुरक्षा की टीम को देखकर कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंदकर भाग ये। टीम ने उक्त दुकानदारों को चिन्हित कर रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बुधवार को खाद्य सुरक्षा की टीम ने मीट व मछली की दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने मेरठ रोड स्थित शेरोवाली कोठी के पास लगने वाले मछली बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान मछली का कारोबार करने वाले कादिर, मोहम्मद अनीस और खलील के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किया गया है। इनके खिलाफ टीम ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसके बाद टीम ने रूडकली में छापेमारी करते हुए इमरान के यहां पर खोया में वनस्पति की मिलावट पकड़ी। इसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। टीम ने बुढ़ाना में दीपक शर्मा की दुकान से बूंदी के लड्डू में मिलावट पकड़ी। उसके खिलाफ भी न्यायालय में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। इस दौरान कुछ दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर फरार हो गये। टीम ने ऐसे दुकानदारों को चिन्हित करते हुए उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है। टीम ने बधाईकलां निवासी दीपक के यहां से दूध का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है। टीम में डॉ राकेश कुमार, अनिल कुमार, विकास कुमार, प्रेमचंद, कृष्ण कुमार आदि मौजूद रहे।