मुजफ्फरनगर। यूपी परीक्षा सम्पन्न हो गई है। अब गुरुजी छात्रों की मेहनत को परखेंगे। छात्रों ने क्या किया और किस स्तर पर ज्ञान दिखाया है, इस पर अंक देने का काम होगा। परीक्षा के मूल्यांकन के लिए जनपद में चार सेंटर बनाए गए हैं। इस बार कड़ी निगरानी में मूल्यांकन किया जाएगा।
छह फरवरी से 12 मार्च तक चली यूपी बोर्ड परीक्षाओं के बाद अब मूल्यांकन को लेकर कार्य तेज हो गया है। अफसरों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्लानिंग को समझाया गया है। मूल्यांकन को लेकर इस बार कड़ी सावधानियां बरती जाएगी। मूल्यांकन केंद्रों के आसपास फोर्स तैनात होने के अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। छात्रों की मेहनत को जांचने के लिए जनपद में चार सेंटर बनाए गए हैं। यहां पर करीब ढाई लाख से अधिक कॉपियों का मूल्यांकन होगा। जिले में ग्रेन चेंबर इंटर कालेज, डीएवी इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) को केंद्र बनाया गया है। डीआईओएस मुनेश कुमार ने बताया कि परीक्षा खत्म हो गई है, अब मूल्यांकन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। मूल्यांकन के लिए चार सेंटर बनाए गए हैं, जिन पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है।