मंसूरपुर। शुगर मिल द्वारा कर्मचारियों को स्वास्थ्य, संरक्षा व सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए एक सप्ताह से चल रहे कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। मिल के ब्रजेश खलासी को सर्वश्रेष्ठ जागरूक कर्मचारी के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मिल द्वारा कर्मचारियों को स्वास्थ्य, संरक्षा व सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान दिल्ली व सहारनपुर से आए अग्निशमन विशेषज्ञों ने आग से बचाव के बारे में जानकारी दी। प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण भी दिया गया। स्लोगन व पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। समारोह के मुख्य अतिथि उपाध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित ने सर्वश्रेष्ठ जागरूक कर्मचारी का पुरस्कार ब्रजेश खलासी को दिया। संरक्षा प्रश्नोत्तरी का पुरस्कार जगदीश, अखिलेश तिवारी को दिया। संरक्षा सुझाव प्रतियोगिता का पुरस्कार सुरेंद्र शर्मा व नूर मोहम्मद ने जीता। मौके पर सुरेंद्र शर्मा, ओंकार नाथ तिवारी, जेएन शर्मा, अजय गुप्ता, एके गोयल, बलधारी सिंह, सोम प्रकाश, ब्रजराज यादव, संजीव कुमार शर्मा समेत समस्त अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।