नवाब अजमत गर्ल्स इंटर कॉलेज में अल्पसंख्यक कल्याण दिवस मनाया गया। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि अपने अधिकार पाने के लिए अल्पसंख्यकों को जागरूक होने की जरूरत है।
ह्युमैनिटी वेलफेयर सोसायटी के तत्वावधान में राष्ट्रीय अखंडता सप्ताह के दूसरे दिन कार्यशाला आयोजित गई। एम शाहवेज ने कहा कि बिना जागे कुछ नहीं मिलता है। अपना हक और अधिकार पाने के लिए अल्पसंख्यकों को जागरूक रहना चाहिए। केंद्र और प्रदेश सरकार अल्पसंख्यकों के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। जिसकी सटीक जानकारी जुटाकर उनका लाभ लिया जाए। हिदायतुल्लाह खां ने कहा कि भारतीय संविधान में अल्पसंख्यकों को अनेक अधिकार दिए गए हैं। उनके प्रति जागरूकता बढ़ाएं। संविधान पढ़ने के साथ उसके एक-एक बिंदू को समझना चाहिए। वक्ताओं ने अनेक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता कराई गई। जिसमें छात्राओं ने संविधान और अल्पसंख्यक कल्याण पर अनेक भाषण दिए। प्रतियोगिता में मुस्कान प्रथम, मुस्कान-दिलशाद द्वितीय और शिरीन खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिदायतुल्ला खां और संचालन शाह फैसल ने किया। कार्यक्रम में नुसरत कमाल, शाह आलम, प्रधानाचार्या सफिया बेगम आदि मौजूद रहे।