यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार 61,443 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। गत वर्ष की अपेक्षा जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 3583 परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई है। संस्थागत और व्यक्तिगत रूप से विद्यार्थियों की संख्या हाईस्कूल में 33,111 तथा इंटरमीडिएट में 28,332 रहेगी। परीक्षा के लिए जिले में 75 केंद्र बनाए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा वर्ष 2018 की तैयारियां अंतिम चरण में है। छह फरवरी से प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को कार्यक्रम घोषित हो चुका है। गत वर्ष हाईस्कूल और इंटर में कुल 57,860 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इस बार यह संख्या बढ़ कर 61,443 हो गई है। तहसील क्षेत्र की दृष्टि से खतौली में परीक्षार्थियों की संख्या घटी है। गत वर्ष 10,420 के साक्षेप इस बार 9666 परीक्षार्थी आवेदक है। बुढ़ाना तहसील में 9699, सदर में 30960 तथा जानसठ तहसील में 11,118 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हुए है। पूरे जिले में संस्थागत विद्यार्थियों की संख्या 56661 और व्यक्तिगत (प्राईवेट) 4782 रहेगी।
डीआईओएस मुनेश कुमार ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं को कराने के लिए जिले में 75 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। चयनित परीक्षा केंद्रों पर आपत्ति आवेदन भी मांगे गए थे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सूची जल्द ही जारी की जाएगी। गत वर्ष जिले में 85 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा कराई गई थी। आपत्ति के निस्तारण के बाद परीक्षा केंद्र की फाइनल सूची जारी की जाएगी।