डीएम और सीएमओ दफ्तर पर प्रदर्शन
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने जिले के कई गांवों में फैली संक्रामक बीमारियों से निजात दिलाने की मांग को लेकर डीएम और सीएमओ ऑफिस पर प्रदर्शन किया। प्रभावित गांवों में चिकित्सा व्यवस्था प्रभावी करने की मांग की गई।
डीएम और सीएमओ को दिए ज्ञापन में कहा कि खतौली क्षेत्र के गांव जीवना और पुरकाजी के गांव फलौदा के हालात बेहद खराब हैं। नदियों के दूषित पानी के चलते अनेकों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इन दोनों गांवों के अलावा मोरकुक्का, काजीखेड़ा, तिसंग, लछेड़ा, डबल की पानी की जांच कराई जाए। पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने कहा कि अकेले जीवना गांव में अब तक 11 मौतें हो चुकी हैं। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य विभाग को कैंप लगाने चाहिए। पूर्व मंत्री योगराज सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से लोगों की जान जा रही हैं। उन्होंने कहा कि नियमों के नाम पर कोल्हू मालिकों को परेशान किया जा रह है। एमएलसी मुश्ताक चौधरी ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सरकार की है। डीएम के नाम ज्ञापन एडीएम वित्त सुनील सिंह को दिया गया। सीएमओ ने रालोद नेताओं को जीवना और डबल में एक अक्तूबर और मोरकुक्का एवं मुबारिकपुर में तीन अक्तूबर को कैंप लगवाने का आश्वासन दिया। पूर्वमंत्री धर्मवीर बालियान, रमा नागर, अभिषेक चौधरी, सुधीर भारती, हर्ष राठी, विकास कादियान, आमिर अली, अनुज प्रमुख, विदित मलिक, मोहित मलिक, अशोक बालियान, ओमकार बालियान, कंवरपाल फौजी, ब्रह्मसिंह बालियान, सुमित सहरावत, धर्मेंद्र राठी, विनोद मेघाखेड़ी, मोंटी कादियान आदि मौजूद रहे।