अभी नए ट्रैक पर चल रहा है काम
खतौली (मुजफ्फरनगर)। कलिंग उत्कल एक्सप्रेस हादसे के बाद आनन-फानन में बनाए गए नए रेलवे ट्रैक अभी तक पूरी तरह से दुरुस्त नहीं हो सका है। इस ट्रैक से सभी ट्रेनों को धीमी गति से ही निकलवाया जा रहा है। ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए नई पटरी बिछाने के लिए उनकी कटाई का काम शुरू कर दिया गया है।
उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटनास्थल पर रेलवे स्टेशन से लेकर बुआड़ा फाटक तक नई पटरी बिछाई जानी है। 15 सितंबर को रेल मंत्रालय ने ट्रेन दुर्घटनास्थल के ट्रैक को बदलने के लिए मेरठ कैंट स्थित बट वेल्डिंग प्लांट से मालगाड़ी में एक किलोमीटर के ट्रैक के लिए नई पटरी भेजी थी। मंगलवार को नई पटरी बिछाने के लिए गैंगमैनों ने काम शुरू कर दिया। गैंगमैन सबसे पहले इन नई पटरी की कटाई करने में लगे हैं। गैंगमैनों के मुताबिक पटरी बिछाने का कार्य एक दो दिन में शुरू कर दिया जाएगा। इन पटरी के बिछाने पर ही ट्रेनों की रफ्तार को बढ़ाया जा सकेगा।