मेरठ से आए करीब ढाई क्विंटल खोए की जांच रिपोर्ट असंतोषजनक मिलने पर मुजफ्फरनगर प्रशासन ने उसे नष्ट कराया। एसडीएम निकिता शर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की।
मुजफ्फरनगर में दीपावली से पहले मिलावटी मिठाइयों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। मेरठ से लाई गई गाड़ी से जब्त करीब 2.5 क्विंटल खोए की जांच रिपोर्ट मानक पर खरा नहीं उतरने के बाद प्रशासन ने उसे नष्ट करा दिया।
विज्ञापन
एसडीएम निकिता शर्मा के निर्देशन में सहायक आयुक्त (खाद्य) अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। जांच में पाया गया कि खोए की क्वालिटी मानक के अनुरूप नहीं थी और उसमें मिलावट के संकेत मिले थे।
शामली रोड क्षेत्र में सचल वाहन से मिल्क क्रीम का नमूना लिया गया। इसके अलावा कुतुबपुर स्थित अंशुल मावा भट्टी से मिस्ड मिल्क और खोए के नमूने, तथा रमेश मावा भट्टी से भी खोए व मिठाई के नमूने एकत्र किए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है।
खाद्य विभाग की टीम ने बताया कि दीपावली और धनतेरस के मद्देनजर पूरे जिले में मिठाई, दूध और खोया भट्ठियों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मिलावट पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी ताकि लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो सके।