मुजफ्फरनगर। मेरठ में बृहस्पतिवार यानि आज होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर पुलिस-प्रशासन द्वारा रूट डायवर्जन लागू कर दिया गया है। रूट डायवर्जन का भली भांति पालन करने के लिए खतौली कोतवाली क्षेत्र में सात ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं।
लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में 11 अप्रैल को मतदान होना है। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेरठ के सिवाया टोल प्लाजा के पास बड़ी रैली कर बृहस्पतिवार (आज) से चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे। प्रधानमंत्री की रैली को लेकर मुजफ्फरनगर से मेरठ तक का मार्ग बृहस्पतिवार को बाधित रहेगा, जिस पर केवल रैली में जाने व आने वाले वाहनों का ही बोलबाला रहेगा। ऐसे में दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले मुसाफिरों के लिए बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन रहेगा। टीएसआई राजेश कुमार सिंह ने बताया कि रूट डायवर्जन के तहत मुजफ्फरनगर से मेरठ की तरफ जाने वाले सभी वाहनों को खतौली में भैंसी कट के बाद चीतल पार्क के सामने से गंगनहर पटरी मार्ग होते हुए मुरादनगर की तरफ निकाला जाएगा। वहीं, खतौली से मेरठ जाने वाले वाहनों को वाया बुढ़ाना रोड होते हुए गंगनहर पटरी मार्ग से मुरादनगर की तरफ भेजा जाएगा। इनके अलावा, मेरठ-खतौली की तरफ से आकर जानसठ, मीरापुर व बिजनौर जाने वाले वाहनों को गंगनहर पटरी मार्ग से सिखेड़ा मार्ग व जानसठ तिराहे से मीरापुर मार्ग की तरफ होकर निकाला जाएगा। टीएसआई ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए खतौली में सात ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी जो अनाधिकृत जाने वाले वाहनों को रोककर उन्हें सही मार्ग से निकालेंगे। इसके तहत, खतौली में भैंसी कट, अलकनंदा गंगनहर पुल, जानसठ तिराहा, जानसठ अड्डा, बुढ़ाना तिराहा, पुराना चीतल कट और हाईवे बुढ़ाना मोड़ के नीचे का कट चिह्नित किए गए हैं।