खाटू श्याम जी के भजनों पर झूमे श्याम प्रेमी
मुजफ्फरनगर। नई मंडी की भरतिया कॉलोनी स्थित श्री गणपति धाम में नव निर्मित श्री खाटू श्याम मंदिर में खाटू श्याम की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठ महोत्सव में बृहस्पतिवार रात श्याम बाबा का जागरण हुआ। खाटू श्याम जी के भजनों पर सुबह तक श्याम प्रेमी झूमे।
नए मंदिर में बृहस्पतिवार को खाटू श्याम की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा हुई। खाटू श्याम का फूलों से शृंगार हुआ। शिवचौक से मंदिर तक ध्वज निशान यात्रा निकाली गई। मंदिर में खाटू श्याम की आरती के बाद दर्शन शुरू हुए। रात में खाटू श्याम जी का जागरण हुआ। श्याम बाबा का भव्य दरबार आकर्षण का केंद्र रहा। ज्योति प्रज्ज्वलन और पूजन के साथ जागरण शुरू हुआ। दिल्ली से आए शीतल पांडेय, समालखा से पधारे मोहित गोयल और शिवम म्यूजिक ग्रुप दिल्ली के गायकों ने श्याम बाबा सुंदर भजन सुनाए। कभी रूठना न मुझसे तू श्याम सांवरे-मेरी जिंदगी है अब तेरे नाम सांवरे, हारे के सहारे आजा-तेरा दास पुकारे आजा, मेरा आपकी की कृपा से सब काम हो रहा है, आदि भजनों पर सुबह तक श्याम प्रेमी झूमे। श्याम बाबा को 56 भोग लगाए गए। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। शुक्रवार दोपहर को भंडारा हुआ, जिससे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। धार्मिक आयोजन में भीमसेन कंसल, योगेंद्र गर्ग, अनिल गोयल, जेपी, कैलाशचंद ज्ञानी, सोमप्रकाश कुच्छल, अंबरीश सिंघल, विनोद राठी, नरेश अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, नीरज, रजत, विकास, नवनीत, अंकित तायल आदि का सहयोग रहा।